पनपिया पोखर छठ घाट पर व्रतियों की सुविधा को लेकर श्री श्री सार्वजनिक छठ पूजा समिति ने उठाई आवाज,पूजा से पहले सफाई और स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग
बरहरवा!Barharwa:लोक आस्था के महापर्व छठ की आहट के साथ ही घाटों को सजाने-संवारने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। भगवान भास्कर की आराधना और आस्था के इस महापर्व में व्रतियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए विभिन्न पूजा समितियां भी अपनी जिम्मेदारियों को लेकर सक्रिय हो गई हैं। इसी कड़ी में बरहरवा नगर पंचायत क्षेत्र के कुशवाहा टोला स्थित पनपिया पोखर छठ घाट की साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त कराने की मांग उठाई गई है।
इस संबंध में 31 अक्टूबर को श्री श्री सार्वजनिक छठ पूजा समिति के अध्यक्ष बालेश्वर कुशवाहा के नेतृत्व में समिति के सदस्यों ने नगर पंचायत बरहरवा के कार्यपालक पदाधिकारी को लिखित आवेदन सौंपा। आवेदन के माध्यम से छठ महापर्व से पूर्व पनपिया पोखर छठ घाट एवं उसके आसपास के परिसर की विशेष साफ-सफाई कराने की मांग की गई।

समिति ने घाट परिसर और आसपास के क्षेत्रों में चूना एवं ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराने के साथ-साथ बिजली के खंभों पर पर्याप्त संख्या में स्ट्रीट लाइट लगाने का आग्रह किया है। समिति का कहना है कि छठ पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और छठ व्रती यहां भगवान सूर्य को संध्याकालीन एवं प्रातःकालीन अर्घ्य अर्पित करने पहुंचते हैं। ऐसे में घाट पर स्वच्छता और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा के लिहाज से बेहद जरूरी है।
खासकर सुबह और शाम के अर्घ्य के दौरान अंधेरा रहने से व्रतियों, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए समय रहते प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाना आवश्यक है।

समिति ने नगर पंचायत प्रशासन से मांग की है कि छठ महापर्व की धार्मिक महत्ता और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूजा से पहले पूरी कराई जाएं। ताकि आस्था के इस महापर्व पर व्रतियों को स्वच्छ, सुरक्षित और रोशनी से जगमगाता घाट मिल सके।
मौके पर समिति के अध्यक्ष बालेश्वर कुशवाहा सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
REPORTER|ASHISH PAHARIYA|BARHARWA









