छात्रावास की बदहाली पर भड़का छात्रों का आक्रोश,शिबू सोरेन जन जातीय इंटर महाविद्यालय में अनिश्चितकालीन तालाबंदी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

छत से टपकता है पानी,दो किलो मीटर दूर कुएं से लाना पड़ता है पानी; पांच सूत्री मांगों को लेकर सैकड़ों छात्र-छात्राएं आंदोलन पर बैठे

साहिबगंज!Sahibganj:-जिले के शिबू सोरेन जनजातीय इंटर महाविद्यालय के छात्रावास एवं महाविद्यालय में व्याप्त बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर छात्र-छात्राओं का आक्रोश फूट पड़ा।छात्रावास की जर्जर स्थिति,पेयजल, शौचालय,पुस्तकालय और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर छात्रावास के विद्यार्थी सुनील बास्की के नेतृत्व में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर तालाबंदी कर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। विद्यार्थियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी पांच सूत्री मांगों पर महाविद्यालय प्रबंधन की ओर से लिखित आश्वासन नहीं मिलता, तब तक तालाबंदी और आंदोलन जारी रहेगा।

आंदोलनरत विद्यार्थियों का कहना है कि महाविद्यालय के छात्रावास की स्थिति काफी दयनीय है। छात्रावास की छत से लगातार पानी टपकता है, जिसके नीचे विद्यार्थियों को रहने के लिए मजबूर होना पड़ता है। बारिश के दिनों में स्थिति और भी परेशानी भरी हो जाती है। वहीं, महाविद्यालय में पेयजल की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है। इसके कारण विद्यार्थियों को अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए महाविद्यालय से करीब दो किलोमीटर दूर स्थित कुएं से पानी लाना पड़ता है। शिक्षा प्राप्त करने के लिए महाविद्यालय आने वाले विद्यार्थियों को पानी जैसी बुनियादी सुविधा के लिए इस तरह संघर्ष करना पड़ रहा है।

इतना ही नहीं,महाविद्यालय में शौचालय की व्यवस्था भी संतोष जनक नहीं है। छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों को शौच के लिए बाहर जाना पड़ता है। विद्यार्थियों ने पुस्तकालय की व्यवस्था नहीं होने पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि पुस्तकालय के अभाव में विद्यार्थियों को पढ़ाई से संबंधित पुस्तकों और अध्ययन सामग्री के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा छात्रावास में बिजली की समुचित व्यवस्था और छात्राओं के लिए कॉमन रूम उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई है।

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे सुनील बास्की ने कहा कि छात्र-छात्राएं लंबे समय से इन समस्याओं को झेल रहे हैं। इन समस्याओं को लेकर उपायुक्त महोदय को भी आवेदन दिया गया है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि जब तक प्रधानाचार्य हमारी पांच सूत्री मांगों को लेकर लिखित आश्वासन नहीं देते, तब तक महाविद्यालय में तालाबंदी जारी रहेगी। यदि इसके बावजूद मांगों पर कार्रवाई नहीं होती है तो विद्यार्थी सड़क जाम करने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने कहा कि आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।

वहीं, विद्यार्थी परिषद के संजय दादा ने कहा कि छात्रावास की बदहाल स्थिति के कारण विद्यार्थियों को टपकती छत के नीचे रहने को मजबूर होना पड़ रहा है। यह स्थिति विद्यार्थियों की पढ़ाई और दैनिक जीवन दोनों को प्रभावित कर रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग और उपायुक्त को विद्यार्थियों की इन समस्याओं पर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है। यह क्षेत्र का एकमात्र इंटर महाविद्यालय है, जहां हजारों विद्यार्थियों का नामांकन है। इसके बावजूद पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा उपलब्ध नहीं होना चिंता का विषय है। शौचालय की स्थिति भी दयनीय है और पानी के अभाव में उसका समुचित उपयोग नहीं हो पा रहा है। उन्होंने छात्राओं की सुविधा के लिए कॉमन रूम की व्यवस्था करने तथा विद्यार्थियों की सभी मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की।

विद्यार्थियों का कहना है कि महाविद्यालय केवल पढ़ाई का केंद्र नहीं, बल्कि क्षेत्र के हजारों युवाओं के भविष्य से जुड़ा संस्थान है। ऐसे में यहां बुनियादी सुविधाओं का अभाव विद्यार्थियों के सामने कई तरह की चुनौतियां खड़ी कर रहा है। अब देखना यह होगा कि महाविद्यालय प्रबंधन और शिक्षा विभाग विद्यार्थियों की समस्याओं को दूर करने के लिए कब तक ठोस कदम उठाते हैं।

इस आंदोलन में सीमन मुर्मू, लखीराम मुर्मू, मुंशी हांसदा, संजय हांसदा, मनोज हांसदा, शिव मरांडी, होपनमोय किस्कू, अनिता मुर्मू, नीलम मरांडी, महामय मुर्मू, बिट्टी मरांडी सहित काफी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल रहे।

REPORTER|ASHISH PAHARIYA|BORIO

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें