विकसित भारत युवा संसद में गूंजे युवाओं के विचार,‘एक राष्ट्र–एक चुनाव पर शिवानी कुमारी ने मारी बाजी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जिला स्तरीय प्रतियोगिता में शिवानी कुमारी प्रथम, अभय कुमार पांडे द्वितीय और पीयूष कुमार रहे तृतीय स्थान पर

साहिबगंज!Sahibganj:-लोकतंत्र की मजबूती और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शनिवार को साहिबगंज के समाहरणालय परिसर स्थित सिद्धो-कान्हो सभागार में जिला स्तरीय विकसित भारत युवा संसद–2026 का आयोजन किया गया। मेरा युवा भारत (MY Bharat), साहिबगंज की ओर से युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों से पहुंचे युवाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इस दौरान ‘एक राष्ट्र–एक चुनाव’ विषय पर युवाओं ने अपने विचारों, तर्कों और दृष्टिकोणों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) कुमार सात्विक, जयंत कुमार सिन्हा, प्रकाश, अमित आनंद, साहिबगंज कॉलेज के प्राचार्य रंजीत सिंह, राजस्थान इंटर कॉलेज के शिक्षक राजेश सिंह तथा दूरदर्शन साहिबगंज के आनंद ओझा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन जिला युवा अधिकारी सौरभ पांडे के नेतृत्व में किया गया।

युवा संसद के मंच पर प्रतिभागियों ने ‘एक राष्ट्र–एक चुनाव’ के पक्ष और विपक्ष से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपनी बात रखी। प्रत्येक प्रतिभागी को विचार प्रस्तुत करने के लिए तीन मिनट का समय दिया गया था। इस दौरान युवाओं ने चुनावी सुधार, लोकतांत्रिक व्यवस्था, प्रशासनिक दक्षता, चुनावी खर्च, संवैधानिक प्रावधान और भारतीय संघीय व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर तर्कपूर्ण विचार रखे। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक जागरूकता, तार्किक चिंतन और सार्वजनिक मंच पर अपनी बात रखने की क्षमता विकसित करने का प्रयास किया गया।

शिवानी कुमारी ने अपने विचारों से हासिल किया प्रथम स्थान

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर तीन प्रतिभागियों का चयन किया गया। इसमें राजस्थान स्कूल की कक्षा 11 की छात्रा शिवानी कुमारी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। वहीं साहिबगंज कॉलेज के अभय कुमार पांडे ने द्वितीय तथा पीयूष कुमार ने तृतीय स्थान हासिल किया। तीनों विजेताओं ने विषय की गहरी समझ, प्रभावशाली वक्तव्य और तर्कपूर्ण प्रस्तुति के दम पर निर्णायकों का ध्यान आकर्षित किया।

जिला से राष्ट्रीय स्तर तक युवाओं को मिलेगा मंच

इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी सौरभ पांडे ने बताया कि विकसित भारत युवा संसद का आयोजन देश के सभी राज्यों के प्रत्येक जिले में 31 अक्टूबर से 10 नवंबर 2026 तक किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं से जोड़ना और राष्ट्र निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अपनी राय रखने के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना है।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक जिले से तीन सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय युवा संसद के लिए किया जाएगा। इसके बाद प्रत्येक राज्य से तीन उत्कृष्ट प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। राष्ट्रीय युवा संसद का आयोजन 10 से 12 जनवरी 2027 के बीच नई दिल्ली स्थित संसद भवन के केंद्रीय कक्ष (सेंट्रल हॉल) में प्रस्तावित है।

सौरभ पांडे ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। युवा संसद जैसे आयोजन युवाओं के भीतर नेतृत्व क्षमता, लोकतांत्रिक चेतना और निर्णय लेने की समझ विकसित करते हैं। साथ ही राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर गंभीर चिंतन, संवाद और सकारात्मक विचारों के आदान-प्रदान का अवसर भी प्रदान करते हैं।

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने युवाओं की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि देश का भविष्य युवाओं के विचारों, संकल्प और जिम्मेदारियों से जुड़ा है। उन्होंने युवाओं से लोकतांत्रिक मूल्यों को आत्मसात करने और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

अंततः उत्साहपूर्ण वातावरण में जिला स्तरीय विकसित भारत युवा संसद का सफल समापन हुआ। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि जब युवाओं को विचार रखने का मंच मिलता है, तो वे केवल अपने भविष्य की बात नहीं करते, बल्कि देश की दिशा और दशा पर भी सार्थक विमर्श करते हैं।

REPORTER|GOVIND THAKUR|SAHIBGANJ

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें