शकुंतला सहाय घाट से चानन घाट तक 3-4 किलोमीटर क्षेत्र का निरीक्षण, सुरक्षित घाटों पर होगी बैरिकेडिंग; गोताखोरों और सुरक्षा कर्मियों की होगी तैनाती
साहिबगंज,Sahibganj:लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर साहिबगंज जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। छठव्रतियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शनिवार को उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने विभिन्न प्रशासनिक एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ गंगा तट स्थित छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शकुंतला सहाय घाट से लेकर चानन घाट तक लगभग तीन से चार किलोमीटर के क्षेत्र का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान गंगा के जलस्तर, घाटों की भौगोलिक स्थिति, पानी की गहराई और नदी किनारे हुए कटाव का बारीकी से आकलन किया गया।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने बिजली घाट, शकुंतला सहाय घाट, मुक्तेश्वर घाट, ओझाटोली घाट, मलाही टोला घाट, चानन घाट एवं कबूतर खोपी घाट सहित अन्य घाटों की स्थिति देखी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी घाटों का सुरक्षा के दृष्टिकोण से विस्तृत आकलन किया जाए तथा सुरक्षित और असुरक्षित घाटों को स्पष्ट रूप से चिह्नित किया जाए। जिन घाटों पर गहरा कटाव, खड़ी ढलान या अचानक गहराई बढ़ने जैसी स्थिति है, वहां श्रद्धालुओं के प्रवेश और आवागमन पर प्रतिबंध लगाया जाए।
असुरक्षित घाटों पर नहीं जाने की होगी सख्त हिदायत
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। जिन घाटों को सुरक्षित पाया जाएगा, वहां पर्याप्त मजबूती के साथ बैरिकेडिंग कराई जाएगी, ताकि श्रद्धालु अनजाने में गहरे पानी या खतरनाक स्थानों तक नहीं पहुंच सकें। इसके अलावा घाटों की सीढ़ियों से मिट्टी और अन्य अवरोध हटाने, साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, पेयजल तथा शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
ओझाटोली घाट पर पानी की गहराई की होगी जांच
निरीक्षण के दौरान ओझाटोली घाट की स्थिति को लेकर उपायुक्त ने विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया इस घाट पर पानी की गहराई अचानक बढ़ती हुई प्रतीत हो रही है। ऐसे में संबंधित पदाधिकारियों को बांस के माध्यम से पानी की वास्तविक गहराई मापने का निर्देश दिया गया है। जांच के बाद ही यह तय किया जाएगा कि घाट को प्रतिबंधित किया जाए या वहां अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था के साथ छठ पूजा की अनुमति दी जाए।
घाटों पर तैनात रहेंगे गोताखोर और सुरक्षा कर्मी
छठ महापर्व के दौरान उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए उपायुक्त ने सभी घाटों पर पर्याप्त संख्या में चौकीदार, प्रशिक्षित गोताखोर और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। वहीं पुलिस प्रशासन को भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं को लेकर पहले से तैयारी रखने का निर्देश दिया गया। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय सीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने को कहा, ताकि छठव्रतियों को अर्घ्य देने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
डीसी की अपील- प्रतिबंधित घाटों पर जाने से बचें श्रद्धालु
उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने जिलेवासियों और छठव्रतियों से अपील करते हुए कहा कि जिला प्रशासन द्वारा जिन घाटों को असुरक्षित घोषित किया जाएगा, वहां किसी भी परिस्थिति में छठ पूजा या अन्य गतिविधियों के लिए नहीं जाएं। साहिबगंज में गंगा का विस्तृत तटीय क्षेत्र उपलब्ध है, इसलिए श्रद्धालु अपनी सुविधानुसार सुरक्षित घाटों का चयन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता विजय कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी अमर जॉन आईन्द, अंचलाधिकारी बासुकीनाथ टुडू, नगर प्रशासक अभिषेक कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
REPORTER|GOVIND THAKUR|SAHIBGANJ









