11.17 सेकेंड से शुरू हुआ रिकॉर्ड तोड़ने का सफर,फाइनल में 10.10 सेकेंड का समय निकालकर देशभर में लहराया परचम; उपायुक्त ने खेल सामग्री देकर किया सम्मानित
साहिबगंज!Sahibganj!प्रतिभा जब मेहनत और लगन के साथ दौड़ती है, तो सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित होते हैं। कुछ ऐसा ही कर दिखाया है साहिबगंज के होनहार एथलीट एमानुएल किस्कू ने। राष्ट्रीय स्तर पर अपनी रफ्तार का लोहा मनवाते हुए एमानुएल ने न केवल स्वर्ण पदक हासिल किया, बल्कि राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़कर पूरे झारखंड और साहिबगंज जिले का नाम रोशन कर दिया। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से जिले में खुशी और गर्व का माहौल है।
41वीं नेशनल जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 80 मीटर हर्डल्स स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए एमानुएल किस्कू ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि पर शनिवार को समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे ने उन्हें सम्मानित किया। उपायुक्त ने एमानुएल को अंगवस्त्र के साथ ट्रैक सूट, टी-शर्ट, बनियान, जूते, बैग सहित आवश्यक खेल सामग्री प्रदान कर उनका उत्साह बढ़ाया।

उल्लेखनीय है कि 23 से 27 अक्टूबर 2026 तक तमिलनाडु के चेन्नई स्थित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 41वीं नेशनल जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप आयोजित हुई थी। इसमें झारखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए खेल विभाग एवं जिला प्रशासन साहिबगंज द्वारा सिद्धो-कान्हू स्टेडियम में संचालित आवासीय बालक एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र के प्रशिक्षु एमानुएल किस्कू ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। एमानुएल राजस्थान इंटर विद्यालय के छात्र भी हैं।
प्रतियोगिता में एमानुएल का प्रदर्शन लगातार बेहतर होता गया। उन्होंने हिट मुकाबले में 11.17 सेकेंड, सेमीफाइनल में 11.22 सेकेंड और फाइनल में महज 10.10 सेकेंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। खास बात यह रही कि उन्होंने प्रतियोगिता के दौरान दो दिनों के भीतर तीन बार राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ने का कारनामा किया। फाइनल में उनके 10.10 सेकेंड के प्रदर्शन ने नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड स्थापित किया।
इससे पहले 11 अक्टूबर 2025 को भुवनेश्वर में आयोजित 40वीं नेशनल जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में बिहार के रोहित राज ने 80 मीटर हर्डल्स में 10.28 सेकेंड का राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था। एमानुएल ने 10.10 सेकेंड का समय दर्ज कर इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया और नया कीर्तिमान स्थापित किया।
एमानुएल की इस सफलता से उत्साहित उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने कहा कि साहिबगंज जिले में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें सही मार्गदर्शन, बेहतर प्रशिक्षण और उचित अवसर उपलब्ध कराने की। जिला प्रशासन खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने तथा खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए आवश्यक सहयोग एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर प्रतिबद्ध है। उन्होंने एमानुएल को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वह भविष्य में राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी अपनी प्रतिभा का परचम लहराएंगे।
इस अवसर पर एमानुएल के कोच एवं राज्य एथलेटिक्स टीम के प्रशिक्षक योगेश यादव को भी अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। मौके पर जिला खेल पदाधिकारी नयन कुमार, जिला खेल समन्वयक कौशल किशोर मरांडी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
साहिबगंज की धरती से निकली इस प्रतिभा ने साबित कर दिया कि सपने बड़े हों और हौसले बुलंद, तो मंजिल दूर नहीं होती। एमानुएल की यह उपलब्धि जिले के उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का नया अध्याय बन गई है।
REPORTER|GOVIND THAKUR|SAHIBGANJ









