बाजारों में छपाई वाले लॉटरी टिकटों की बिक्री की शिकायत, नेटवर्क के मुख्य संचालकों तक कब पहुंचेगी पुलिस? कार्रवाई नहीं होने से उठ रहे कई गंभीर सवाल
पाकुड़!Pakur:-जिले में कानून की निगरानी और प्रशासनिक सख्ती के दावों के बीच कथित अवैध लॉटरी का कारोबार एक बार फिर चर्चा में है।पाकुड़ शहर से लेकर हिरणपुर और महेशपुर तक छपाई वाले लॉटरी टिकटों की खुलेआम बिक्री होने की शिकायतें सामने आ रही हैं।बाजारों में कथित तौर पर चल रहे इस कारोबार ने पुलिस प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर जिले में यह कारोबार किसके इशारे पर फल-फूल रहा है और अब तक इसके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं हो पाई है?
स्थानीय स्तर पर मिल रही चर्चाओं और शिकायतों के अनुसार, जिले के अलग-अलग इलाकों में कथित अवैध लॉटरी टिकटों की बिक्री का नेटवर्क सक्रिय होने की बात कही जा रही है।इस कारो बार से जुड़े कुछ लोगों के नाम भी स्थानीय चर्चाओं में सामने आ रहे हैं,हालांकि उनकी भूमिका की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।ऐसे में बिना ठोस जांच के किसी को दोषी ठहराना उचित नहीं होगा। पुलिस प्रशासन को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर इन छपाई वाले लॉटरी टिकटों को तैयार कौन कर रहा है? इनकी छपाई कहां होती है? पाकुड़ से हिरणपुर और महेशपुर तक इन टिकटों की आपूर्ति किस माध्यम से की जा रही है? क्या इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क काम कर रहा है,जिसके तार जिले के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े हैं? यदि बाजारों में लगातार टिकटों की बिक्री हो रही है, तो इसकी भनक संबंधित विभागों को क्यों नहीं लग रही है?
स्थानीय लोगों के बीच यह मामला लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है। लोगों का सवाल है कि यदि टिकटों की बिक्री की शिकायतें सामने आ रही हैं, तो पुलिस प्रशासन अब तक विशेष अभियान चलाकर इसकी जांच क्यों नहीं कर रहा है? केवल छोटे स्तर पर टिकट बेचने वालों तक कार्रवाई सीमित रखने के बजाय इस कथित कारोबार के स्रोत, छपाई, आपूर्ति और आर्थिक लेन-देन की भी जांच होनी चाहिए।
अब जरूरत है कि पाकुड़ हिरणपुर और महेशपुर के प्रमुख बाजारों में विशेष जांच अभियान चलाया जाए। संदिग्ध टिकटों को जब्त कर उनकी छपाई के स्रोत का पता लगाया जाए तथा बिक्री और आपूर्ति से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच की जाए। यदि किसी संगठित गिरोह की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके मुख्य संचालकों तक पहुंचकर कानून के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में जिलेवासियों की निगाहें पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं। सवाल सीधा है—क्या पाकुड़ पुलिस इस कथित अवैध लॉटरी नेटवर्क की जड़ तक पहुंचेगी या फिर पाकुड़ से हिरणपुर-महेशपुर तक बाजारों में टिकटों की बिक्री की शिकायतें यूं ही उठती रहेंगी? अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है।
नोट:मामले में पुलिस प्रशासन की आधिकारिक प्रतिक्रिया और जांच का इंतजार है। किसी भी व्यक्ति की संलिप्तता अभी प्रमाणित नहीं है।
REPORTER|HARISHCHANDRA SAHA|PAKUR









