बांसुरी के सुरों में बेटे का प्यार, मां के उठे हाथों में दुआओं का संसार..यही है इस वायरल वीडियो की सबसे खूबसूरत तस्वीर।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बांसुरी की तान पर मां ने उठाया आशीर्वाद का हाथ, संगीत में घुला मां-बेटे का प्यार; अर्जुन मुंडा का भावुक VIDEO वायरल

रांची!Ranchi।रिश्तों की गहराई को बयां करने के लिए हमेशा शब्दों की जरूरत नहीं होती, कभी संगीत की एक मधुर धुन भी दिल के अनकहे जज्बात बयां कर देती है। कुछ ऐसा ही भावुक कर देने वाला दृश्य झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और खूंटी के पूर्व सांसद अर्जुन मुंडा का सामने आया है। इन दिनों सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह अपनी बीमार मां के पास बैठकर बांसुरी की मधुर धुन बजाते नजर आ रहे हैं। वहीं, बेटे की बांसुरी की आवाज सुनकर मां अपना हाथ उठाकर उसे आशीर्वाद देती दिखाई दे रही हैं।

वायरल वीडियो में मां और बेटे के बीच का यह आत्मीय रिश्ता लोगों का ध्यान खींच रहा है। एक ओर अर्जुन मुंडा पूरी तन्मयता से बांसुरी बजा रहे हैं, तो दूसरी ओर मां अपने बेटे की ओर स्नेह और आशीर्वाद भरा हाथ उठाती नजर आती हैं। यह छोटा-सा पल मां-बेटे के अटूट प्रेम और भावनात्मक जुड़ाव की खूबसूरत तस्वीर पेश कर रहा है।

अर्जुन मुंडा का यह अंदाज राजनीतिक जीवन से इतर उनके व्यक्तित्व के एक संवेदनशील और सांस्कृतिक पक्ष को सामने लाता है। सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहने वाले अर्जुन मुंडा की संगीत में रुचि पहले भी सामने आ चुकी है। इससे पूर्व उनके गाए एक गीत को भी सोशल मीडिया पर लोगों की सराहना मिली थी। अब बांसुरी वादन का यह वीडियो चर्चा में है।

सोशल मीडिया पर इस दृश्य को देखकर लोग भावुक प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। वीडियो में न तो कोई राजनीतिक भाषण है और न ही किसी तरह का सार्वजनिक संदेश, बल्कि मां के करीब बैठा एक बेटा अपनी बांसुरी के जरिए प्यार का इजहार करता दिखाई देता है। मां का आशीर्वाद इस पल को और भी यादगार बना देता है।

दरअसल,मां का आशीर्वाद किसी भी संतान के लिए सबसे बड़ी पूंजी माना जाता है। अर्जुन मुंडा और उनकी मां का यह भावुक पल भी यही संदेश देता है कि जीवन में पद, प्रतिष्ठा और पहचान से ऊपर परिवार का प्यार और मां का स्नेह होता है।

बांसुरी के सुरों में बेटे का प्यार, मां के उठे हाथों में दुआओं का संसार..यही है इस वायरल वीडियो की सबसे खूबसूरत तस्वीर।

REPORTER|GOVIND THAKUR|RANCHI

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें