बड़ी खबर:गम्हरिया थाना दुष्कर्म मामले पर भाजपा का हल्लाबोल,पूर्व सांसद गीता कोड़ा ने हेमंत सरकार को घेरा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

एसपी को सौंपा मांग पत्र,तीन महीने में स्पीडी ट्रायल और आरोपी पुलिसकर्मी की तीन दिनों में बर्खास्तगी की उठाई मांग

सरायकेला,Saraikela:सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना परिसर में महिला के साथ कथित दुष्कर्म की गंभीर घटना को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। रविवार को भाजपा प्रदेश कमेटी के निर्देश पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक को मांग पत्र सौंपकर आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की गई। प्रदर्शन में पूर्व सांसद गीता कोड़ा भी शामिल हुईं।

प्रदर्शन के दौरान गीता कोड़ा ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार निकम्मी सरकार है। सरकार एक ओर मंईयां सम्मान योजना के जरिए महिलाओं के सम्मान की बात करती है, वहीं दूसरी ओर इसी सरकार के कार्यकाल में महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने महिला सुरक्षा को लेकर सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

वहीं, भाजपा जिलाध्यक्ष हरेकृष्ण प्रधान के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक को सौंपे गए ज्ञापन में मामले का तीन महीने के भीतर स्पीडी ट्रायल कराने की मांग की गई। इसके साथ ही जिले में विधि-व्यवस्था को मजबूत करने और सभी थानों में सातों दिन महिला पुलिसकर्मियों की अनिवार्य तैनाती सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई।

ज्ञापन में आरोपी पुलिसकर्मी को तीन दिनों के भीतर बर्खास्त करने की मांग भी शामिल है। भाजपा नेताओं ने कहा कि महिला सुरक्षा से जुड़े इस गंभीर मामले में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।

भाजपा ने स्पष्ट किया कि महिलाओं की सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन की जवाबदेही तय करना जरूरी है। पार्टी ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की है।

REPORTER|GOVIND THAKUR|SARAIKELA

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें