निष्पक्ष परीक्षा के लिए प्रशासन मुस्तैद, केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था की DC ने परखी हकीकत
पाकुड़,Pakur:जिले में झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET)-2026 के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर पाकुड़ जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। रविवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मेघा भारद्वाज ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर परीक्षा व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।
इस दौरान उपायुक्त ने केकेएम कॉलेज एवं डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, पाकुड़ स्थित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने अभ्यर्थियों के प्रवेश की प्रक्रिया, परीक्षा संचालन, सुरक्षा व्यवस्था और केंद्रों में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने केंद्राधीक्षकों, वीक्षकों, दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी, निष्पक्षता और सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अभ्यर्थियों को बिना किसी भेदभाव के निष्पक्ष और सुरक्षित माहौल में परीक्षा देने का अवसर मिलना चाहिए।
उपायुक्त ने बताया कि अब तक परीक्षा का संचालन व्यवस्थित तरीके से किया जा रहा है। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे सक्रिय हैं तथा अभ्यर्थियों की जांच पुलिस और दंडाधिकारियों की मौजूदगी में की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा समाप्त होने तक सभी केंद्रों पर सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त रखी जाए।
प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा को पारदर्शी, निष्पक्ष और कदाचार मुक्त वातावरण में संपन्न कराना है। निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अमित कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
REPORTER|GOVIND THAKUR|PAKUR









