कोयले से लदी मालगाड़ी की बोगियों से उठने लगा धुआं, बोकारो थर्मल स्टेशन पर मची हलचल
बोकारो,Bokaro:जिले के बेरमो अनुमंडल अंतर्गत बड़का काना-गोमो रेलखंड के बोकारो थर्मल रेलवे स्टेशन पर रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्टेशन पर खड़ी कोयले से लदी मालगाड़ी की दो से तीन बोगियों से अचानक धुआं उठने लगा। बोगियों से धुआं निकलता देख रेलवे कर्मियों में हलचल मच गई। स्टेशन प्रबंधन ने तत्काल इसकी सूचना डीवीसी के अधिकारियों को दी, जिसके बाद दमकल टीम को मौके पर बुलाया गया।
स्टेशन प्रबंधक शैलेश कुमार ने बताया कि कोयले से लदी यह मालगाड़ी कथारा वाशरी से कोयला लेकर नवी नगर जा रही थी। इसी दौरान रविवार सुबह रेक के बोकारो थर्मल स्टेशन पहुंचने और रुकने पर स्टेशन मास्टर की नजर दो से तीन बोगियों से निकल रहे धुएं पर पड़ी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल स्थानीय डीवीसी अधिकारियों से संपर्क किया गया।
सूचना मिलते ही दमकल वाहन मौके पर पहुंचा। सुरक्षा के मद्देनजर पहले विद्युत संचालन बंद कराया गया, इसके बाद दमकल कर्मियों ने पूरी सावधानी के साथ आग पर काबू पाने की कार्रवाई शुरू की। काफी मशक्कत के बाद बोगियों से उठ रहे धुएं और आग पर नियंत्रण पाया गया।
समय रहते सूचना मिलने और दमकल टीम की त्वरित कार्रवाई से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। घटना के कारण रेलवे स्टेशन परिसर में कुछ देर तक सतर्कता का माहौल बना रहा।
REPORTER|GOVIND THAKUR|BOKARO









