बड़ी खबर:संसाधनों के अभाव में दम तोड़ती ग्रामीण प्रतिभाएं!प्रशासन की राह देखते-देखते युवाओं ने खुद खरीदा हाई जंप गद्दा,DC और विधायक से अब भी इंतजार जवाब का

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


हौसलों की उड़ान को चाहिए था आसमान, मगर सुविधाओं के नाम पर मिला सिर्फ इंतजार;जब सरकारी मदद की राह हुई लंबी, तो युवाओं ने चंदा जुटाकर खुद संवार लिया अपना मैदान।

साहिबगंज,Sahibganj:जिले में ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है,जरूरत है तो बस उन्हें उचित संसाधन, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन देने की।लेकिन जब हुनर को सुविधाओं का सहारा नहीं मिलता,तो कई सपने मंजिल तक पहुंचने से पहले ही संघर्ष में उलझ जाते हैं। साहिबगंज जिले के उधवा प्रखंड अंतर्गत राधानगर पंचायत के उच्च विद्यालय मैदान में सेना, पुलिस, होमगार्ड, अग्निशमन बल और अन्य शारीरिक दक्षता आधारित प्रतियोगिताओं की तैयारी कर रहे सैकड़ों युवा-युवतियों की कहानी भी कुछ ऐसी ही है। यहां युवा सीमित संसाधनों के बीच सुबह-शाम पसीना बहाकर अपने भविष्य की इबारत लिखने में जुटे हैं, लेकिन बुनियादी सुविधाओं के अभाव में उनकी तैयारियां प्रभावित हो रही हैं।

हैरानी की बात यह है कि स्थानीय युवाओं ने अपनी समस्याओं को लेकर प्रशासन से लेकर जनप्रतिनिधियों तक कई बार गुहार लगाई, लेकिन उनके अनुसार अब तक कोई ठोस समाधान सामने नहीं आया है। जुनून अड्डा के संचालक उज्ज्वल कुमार घोष ने स्थानीय युवाओं के साथ 16 जनवरी 2026 को साहिबगंज उपायुक्त कार्यालय में आयोजित जनता दरबार में लिखित आवेदन देकर मैदान में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की थी। युवाओं का दावा है कि जनता दरबार में दो बार इस मुद्दे को उठाया गया। राजमहल विधायक से भी कई बार मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन इंतजार अब भी खत्म नहीं हुआ।

सरकारी सुविधाओं का इंतजार, युवाओं के हौसलों ने नहीं मानी हार

उच्च विद्यालय राधानगर मैदान में अभ्यास करने वाले उज्ज्वल कुमार घोष, शुभम घोष, दिनकर मंडल, अदिति कुमारी, दीप्ति कुमारी, समीर मंडल, पूजा कुमारी समेत अन्य खिलाड़ियों का कहना है कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आने वाले युवाओं के लिए निजी प्रशिक्षण केंद्रों और आधुनिक खेल संसाधनों तक पहुंच बनाना आसान नहीं है। ऐसे में स्थानीय मैदान ही उनके सपनों का सबसे बड़ा सहारा है। लेकिन यहां न पर्याप्त खेल उपकरण हैं, न पेयजल, न शौचालय और न ही समुचित प्रकाश व्यवस्था।

विशेषकर महिला खिलाड़ियों के लिए सुरक्षित वातावरण और शौचालय की व्यवस्था बेहद जरूरी है। युवतियों का सवाल है कि जब मैदान में बुनियादी सुविधाएं ही उपलब्ध नहीं होंगी, तो वे नियमित रूप से अभ्यास कैसे कर पाएंगी? आखिर ग्रामीण क्षेत्रों की बेटियों को भी खेल और रोजगार की तैयारी के लिए सम्मानजनक वातावरण कब मिलेगा?

जब प्रशासनिक इंतजार लंबा हुआ, तो युवाओं ने चंदा जुटाकर खरीदा हाई जंप गद्दा

युवाओं की मेहनत और संघर्ष की सबसे बड़ी मिसाल रविवार को देखने को मिली। लंबे समय से हाई जंप के अभ्यास के लिए जरूरी गद्दे का इंतजार कर रहे खिलाड़ियों ने आखिरकार आपसी सहयोग और चंदा जुटाकर खुद ही महंगे हाई जंप लैंडिंग मैट की खरीदारी कर ली। खासकर साहिबगंज जिले में होमगार्ड बहाली की शारीरिक दक्षता परीक्षा शुरू होने की संभावना के बीच खिलाड़ियों की चिंता बढ़ रही थी। सुरक्षित अभ्यास के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध नहीं होने पर उन्होंने खुद पहल करने का फैसला लिया।

रविवार को वैदिक मंत्रोच्चारण और विधिवत पूजा-अर्चना के बाद नारियल फोड़कर नए हाई जंप गद्दे का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन ‘माय युवा भारत’ के जिला चयन समिति सदस्य एवं भाजपा जिला महामंत्री धनंजय मंडल ने किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं के आत्मविश्वास, मेहनत और सामूहिक प्रयास की सराहना करते हुए आंशिक आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया।

धनंजय मंडल ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं। यदि युवा अपनी मेहनत और लगन से आगे बढ़ना चाहते हैं, तो संसाधनों की कमी उनके रास्ते में बाधा नहीं बननी चाहिए। युवाओं के हित और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए वे हमेशा तत्पर हैं और आगे भी पूरी निष्ठा के साथ उनके साथ खड़े रहेंगे।

हाई जंप गद्दा मिलने से मैदान में अभ्यास करने वाले बच्चों और युवा खिलाड़ियों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। हालांकि, युवाओं का कहना है कि एक गद्दे की व्यवस्था उनकी सभी समस्याओं का समाधान नहीं है। उन्हें बेहतर अभ्यास के लिए कई अन्य जरूरी संसाधनों की भी आवश्यकता है।

मैदान के लिए खेल उपकरणों की लंबी सूची, प्रशासन से अब तक उम्मीद

जुनून अड्डा की ओर से दिए गए आवेदन में खिलाड़ियों के लिए शॉट पुट, डिजिटल स्टॉपवॉच, मेजरिंग टेप, हाई जंप लैंडिंग मैट, ट्रेनिंग कोन एवं मार्कर, मेडिसिन बॉल, पुल-अप्स/चिन-अप्स बार, प्राथमिक चिकित्सा किट, पोर्टेबल साउंड सिस्टम, नेट सहित फुटबॉल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन और भाला जैसे खेल उपकरणों की मांग की गई है।

इसके अलावा मैदान पर आठ बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई है। इनमें पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, ड्रेसिंग रूम अथवा सामुदायिक भवन, ओपन जिम सेंटर, मैदान का समतलीकरण, सामुदायिक पुस्तकालय और स्पीड ब्रेकर शामिल हैं।

युवाओं का मानना है कि यदि इन सुविधाओं को उपलब्ध करा दिया जाए, तो राधानगर मैदान न सिर्फ सेना और पुलिस की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों के लिए उपयोगी साबित होगा, बल्कि एथलेटिक्स और अन्य खेलों में रुचि रखने वाले ग्रामीण बच्चों को भी आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

DC और राजमहल विधायक से युवाओं के सीधे सवाल

अब राधानगर के खिलाड़ियों की निगाहें जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों पर टिकी हैं। उपायुक्त से युवाओं का सवाल है कि 16 जनवरी 2026 को जनता दरबार में आवेदन देने और दो बार मामला उठाने के बावजूद अब तक क्या कार्रवाई हुई? क्या संबंधित विभाग को कोई निर्देश दिया गया है? यदि कार्रवाई हुई है, तो उसकी वर्तमान स्थिति क्या है और मैदान में सुविधाएं कब तक उपलब्ध कराई जाएंगी?

वहीं राजमहल विधायक से भी युवाओं ने सवाल किया है कि कई बार मुलाकात कर समस्या बताने के बाद मैदान के विकास के लिए अब तक क्या पहल की गई? क्या संबंधित विभाग से इस संबंध में कोई रिपोर्ट मांगी गई है? क्या इस मुद्दे को जिला योजना अथवा अन्य सरकारी मंचों पर उठाया गया है?

युवाओं का कहना है कि चुनाव के दौरान ग्रामीण विकास, खेल और रोजगार के अवसरों को लेकर कई वादे किए जाते हैं, लेकिन जरूरत पड़ने पर ग्रामीण प्रतिभाओं को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन और मुलाकातों का सहारा लेना पड़ता है।

कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद

हाई जंप गद्दे के उद्घाटन समारोह में भाजपा मंडल अध्यक्ष उदय मंडल, समाजसेवी वासुदेव मंडल, उत्पल घोष, दिनकर मंडल, जुनून अड्डा के संचालक उज्ज्वल घोष, शुभम घोष, असीम मंडल, सिंटू मंडल, अदिति कुमारी, दीप्ति कुमारी, पूजा कुमारी, मणिका मंडल सहित बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ी उपस्थित रहे।

सवाल अब भी कायम है…

राधानगर के युवाओं ने चंदा जुटाकर हाई जंप गद्दा तो खरीद लिया,लेकिन क्या हर खेल उपकरण और हर बुनियादी सुविधा के लिए उन्हें इसी तरह अपनी जेब से पैसे जुटाने पड़ेंगे? क्या ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी सिर्फ युवाओं की ही है? या फिर प्रशासन और जनप्रतिनिधि भी उनकी मेहनत को मुकाम तक पहुंचाने में अपनी भूमिका निभाएंगे?

हौसले इनके बुलंद हैं,इरादों में उड़ान बाकी है,बस इंतजार है उस सरकारी पहल का,जो इनकी मेहनत को एक नई पहचान दे सके।

REPORTER|ASHISH PAHARIYA|SAHIBGANJ

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें