अपनी संस्कृति और परंपरा बचाने की उठी आवाज,ग्राम सभा के फैसले से गुमला में गरमाया धार्मिक विवाद।
गुमला,Gumla:जिले में झारखंड में आदिवासी समाज की धार्मिक पहचान,संस्कृति और परंपराओं को लेकर बहस के बीच रायडीह प्रखंड अंतर्गत कोबजा गांव में एक नया मामला सामने आया है। यहां ग्रामीणों ने विशेष ग्रामसभा आयोजित कर सामूहिक रूप से इलाके में ईसाई धर्म के पास्टर और पादरियों के प्रवेश पर रोक लगाने का निर्णय लिया। इसके बाद गांव में स्थायी बैनर और बोर्ड लगाकर इस फैसले को सार्वजनिक किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष ग्रामीण शामिल हुए।
इस आयोजन में सरना आदिवासी समुदाय के लोगों के साथ सामाजिक नेत्री निशा उरांव भी विशेष रूप से मौजूद रहीं। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लगातार धर्मांतरण की गतिविधियां चल रही हैं, जिससे उनकी पारंपरिक संस्कृति, धार्मिक पहचान और सामाजिक परंपराओं पर असर पड़ रहा है। इसी चिंता को लेकर ग्रामसभा में सामूहिक निर्णय लेने की बात कही गई।

निशा उरांव ने पेशा कानून और ग्रामसभा की शक्ति का किया उल्लेख
कार्यक्रम में मौजूद सामाजिक नेत्री निशा उरांव ने कहा कि आदिवासी समाज की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का संरक्षण आज पूरे सरना समुदाय के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र पांचवीं अनुसूची के अंतर्गत आता है और यहां पेसा कानून के प्रावधानों के तहत ग्रामसभा की भूमिका महत्वपूर्ण है। ग्रामीणों को ग्रामसभा की शक्तियों और अधिकारों के प्रति जागरूक होने की जरूरत है।
उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में कुछ पास्टर और पादरी लगातार आकर लोगों का धर्मांतरण कराने का प्रयास कर रहे हैं। इसी के विरोध में ग्रामीणों ने सामूहिक निर्णय लिया है। निशा उरांव ने ग्रामीणों के साथ मिलकर बोर्ड लगाया और अपनी संस्कृति एवं परंपराओं की रक्षा का संकल्प लेने की बात कही।
धर्मांतरण और चर्च निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने जताई चिंता
वहीं गांव के सरना समुदाय से जुड़े बिशु उरांव ने कहा कि गांव में लगातार धर्मांतरण की गतिविधियों के कारण आदिवासी समाज की सांस्कृतिक पहचान और पारंपरिक रीति-रिवाज प्रभावित हो रहे हैं। इसी वजह से ग्रामीणों ने एकजुट होकर यह निर्णय लिया है।
गांव की एक महिला ग्रामीण ने भी आरोप लगाया कि क्षेत्र में लोगों का धर्म परिवर्तन कराने के साथ चर्च निर्माण की कोशिश की जा रही है। इससे गांव के पारंपरिक सामाजिक और धार्मिक स्वरूप को लेकर ग्रामीणों में चिंता बढ़ी है।
ग्रामसभा के फैसले से उठे कई सवाल
कोबजा गांव में लगाए गए स्थायी बोर्ड और ग्रामसभा के फैसले के बाद अब इस पूरे मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। एक ओर ग्रामीण अपनी धार्मिक पहचान, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण की मांग कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर किसी धार्मिक समुदाय के लोगों के प्रवेश पर सामूहिक रोक के फैसले की वैधानिक स्थिति और संवैधानिक अधिकारों को लेकर भी चर्चा जरूरी है।
अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस मामले को किस रूप में लेता है और ग्रामीणों की शिकायतों की जांच के बाद क्या कदम उठाता है।
REPORTER|ASHISH PAHARIYA|GUMLA









