गंगा समग्र ने झारखंड को तीन संभागों में बांटा,रांची,हजारीबाग और देवघर के संभाग संयोजकों की हुई घोषणा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गंगा की सेवा का संकल्प,संगठन विस्तार का अरमान;झारखंड में तीन संभागों को मिली नई पहचान

राँची,Ranchi:गंगा समग्र की प्रांत स्तरीय बैठक रविवार को रांची के बरियातू स्थित आरोग्य भवन में आयोजित हुई।बैठक में संगठन के विस्तार, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और गंगा समग्र के विभिन्न आयामों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में गंगा समग्र के अखिल भारतीय राष्ट्रीय संगठन मंत्री रामाशीष जी एवं राष्ट्रीय मंत्री रमाशंकर सिन्हा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय संगठन मंत्री रामाशीष जी ने कहा कि झारखंड प्रांत की यह अंतिम प्रांत स्तरीय बैठक है। संघ के दृष्टिकोण से झारखंड प्रांत को तीन संभागों रांची, हजारीबाग और देवघर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक संभाग में आठ-आठ जिले रखे गए हैं। उन्होंने तीनों संभागों के संयोजकों की घोषणा करते हुए रांची संभाग के लिए रत्नेश कुमार, हजारीबाग संभाग के लिए संजय कुमार सिंह तथा देवघर संभाग के लिए भूदेव कुमार को जिम्मेदारी सौंपी।

उन्होंने निर्देश दिया कि 20 नवंबर तक तीनों संभागों की पूरी टीम घोषित कर दी जाए। साथ ही सभी जिलों में जिला संयोजक नियुक्त करने के अलावा प्रखंड एवं खंड स्तर तक कार्यकर्ताओं की मजबूत टीम तैयार की जाए। उन्होंने गंगा समग्र के सभी आयामों पर व्यापक स्तर पर कार्य करने की आवश्यकता जताई। विशेष रूप से नदी एवं तालाब आयाम के माध्यम से जल संरक्षण और नदियों की स्वच्छता के लिए सक्रिय भूमिका निभाने पर जोर दिया।

वहीं, राष्ट्रीय मंत्री रमाशंकर सिन्हा ने कहा कि प्रवास और निरंतर प्रयास से ही कार्यकर्ता को सफलता मिलती है। कार्यकर्ता का छोटा-सा प्रयास भी आगे चलकर वटवृक्ष का रूप धारण कर लेता है। जितने अधिक कार्यकर्ता प्रवास करेंगे, उतना ही संगठन और कार्यक्रमों का विस्तार होगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों के माध्यम से ही नए कार्यकर्ताओं का निर्माण होता है। इसलिए संगठन के कार्यों का विस्तार कैसे हो, इस दिशा में सभी को गंभीरता से चिंतन करना चाहिए।

बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय की गई। इसके तहत रांची संभाग की बैठक 5 दिसंबर तथा देवघर संभाग की बैठक 6 दिसंबर को आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

इस अवसर पर प्रांत संयोजक डॉ. देवव्रत गुप्ता, प्रांत संगठन मंत्री जय किशोर पाठक, प्रांत सह संयोजक भूदेव कुमार, धर्मेंद्र कुमार, चंदा कुमारी गौड़, संतोष आनंद, रत्नेश कुमार, रंजीत कुमार, शिवाकांत, नितिन निशांत, अनिल गुप्ता, चंडी चरण दे, संजय सिंह, राजेश ठाकुर सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

REPORTER|GOVIND THAKUR|RANCHI

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें