बड़ी खबर:गम्हरिया थाने में राजेश टुडू ने संभाली कमान,महिला से दुष्कर्म मामले के बाद एसपी की कार्रवाई; छह पुलिसकर्मी निलंबित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

थाने की चौखट पर टूटा भरोसा, अब राजेश टुडू के हाथों में गम्हरिया की कमान

सरायकेला,Saraikela-kharshawan:जिले के गम्हरिया थाना परिसर में महिला के साथ दुष्कर्म की गंभीर घटना के बाद पुलिस प्रशासन में हुए बदलाव के तहत इंस्पेक्टर राजेश टुडू ने रविवार को गम्हरिया थाना प्रभारी के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया। सरायकेला के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी की उपस्थिति में उन्होंने औपचारिक रूप से नई जिम्मेदारी संभाली।

पदभार ग्रहण करने के बाद नवनियुक्त थाना प्रभारी राजेश टुडू ने कहा कि थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता होगी। इसके साथ ही आम जनता, विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और पुलिस के प्रति लोगों का विश्वास कायम करना उनकी जिम्मेदारी होगी।

गौरतलब है कि गम्हरिया थाना में घरेलू विवाद से संबंधित शिकायत दर्ज कराने पहुंची एक असहाय महिला के साथ थाना परिसर के भीतर ही दुष्कर्म की घटना सामने आई थी। इस घटना ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया था और पुलिस की कार्यशैली एवं सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सरायकेला एसपी मनोज स्वर्गीयारी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तत्कालीन थाना प्रभारी समेत कुल छह पुलिसकर्मियों को कर्तव्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता के आरोप में निलंबित कर दिया था।

इस कार्रवाई के बाद अब गम्हरिया थाने की जिम्मेदारी इंस्पेक्टर राजेश टुडू को सौंपी गई है। नए थाना प्रभारी के सामने कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ आम लोगों, खासकर महिलाओं के मन में पुलिस के प्रति भरोसा बहाल करने की चुनौती होगी।

थाना परिसर में हुई इस गंभीर घटना के बाद पुलिस प्रशासन की जवाबदेही और महिला सुरक्षा को लेकर लोगों की निगाहें अब गम्हरिया पुलिस की आगामी कार्यशैली पर टिकी हैं।

REPORTER|ASHISH PAHARIYA|SARAIKELA-KHARSHAWAN

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें