बड़ी खबर:गम्हरिया थाना पहुंचे एसपी मनोज स्वर्गीयारी,बोले- जांच में नहीं रहेगी कोई कमी,दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महिला सुरक्षा के सवाल पर पुलिस प्रशासन सक्रिय,गम्हरिया थाने में एसपी ने की जांच की समीक्षा

सरायकेला,Saraikela-Kharshawan:जिले के गम्हरिया थाना परिसर में महिला के साथ दुष्कर्म की गंभीर घटना के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में है। मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच सुनिश्चित करने के लिए सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी स्वयं गम्हरिया थाना पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और संबंधित पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर अनुसंधान की प्रगति की समीक्षा की।

निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए एसपी मनोज स्वर्गीयारी ने कहा कि इस गंभीर घटना की जांच में किसी भी स्तर पर कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि अनुसंधान की अब तक हुई प्रगति पर अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की गई है। पुलिस का प्रयास है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से जांच हो और कोई भी महत्वपूर्ण तथ्य छूटने न पाए।

एसपी ने कहा कि मामले में प्रारंभिक कार्रवाई करते हुए संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को पहले ही निलंबित किया जा चुका है। अब पुलिस की प्राथमिकता घटनास्थल से जुड़े वैज्ञानिक एवं भौतिक साक्ष्यों का संकलन करना है। साक्ष्यों और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, घटना को लेकर राजनीतिक दलों और आम लोगों में व्याप्त आक्रोश के सवाल पर एसपी ने कहा कि पुलिस प्रशासन व्यवस्था में आवश्यक सुधारात्मक कदम उठा रहा है। आने वाले दिनों में भी सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।

प्राथमिकी दर्ज करने में हुई देरी को लेकर पूछे गए सवाल पर एसपी ने कहा कि शिकायतकर्ता शिकायत दर्ज कराने के लिए स्वतंत्र हैं और शिकायत प्राप्त होते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की है।

थाना परिसर में सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था पर एसपी ने बताया कि फिलहाल कुछ हिस्सों में कैमरे लगाए गए हैं। भविष्य में निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे।

गम्हरिया थाना परिसर में हुई इस गंभीर घटना के बाद एसपी का स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की समीक्षा करना मामले की गंभीरता को दर्शाता है। अब लोगों की निगाहें पुलिस अनुसंधान और दोषियों के खिलाफ होने वाली आगे की कानूनी कार्रवाई पर टिकी हैं।

REPORTER|ASHISH PAHARIYA|SARAIKELA-KHARSHAWAN

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें