तीन दिनों के आंदोलन के बाद झुका महाविद्यालय प्रशासन! 15 दिन के लिखित आश्वासन पर छात्रों ने स्थगित किया धरना
साहिबगंज,Sahibganj:जिले के शिबू सोरेन जनजातीय इंटर महाविद्यालय,बोरियो में मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर छात्रों का चल रहा आंदोलन तीसरे दिन लिखित आश्वासन मिलने के बाद फिलहाल स्थगित हो गया। छात्र नेता सुनील बास्की के नेतृत्व में छात्र लगातार तीन दिनों से महाविद्यालय के मुख्य गेट पर धरना देकर अपनी पांच सूत्री मांगों को लेकर आवाज बुलंद कर रहे थे।
मंगलवार को आंदोलन की सूचना मिलने पर महाविद्यालय के प्राचार्य आदिल रशीद, डिग्री महाविद्यालय के प्राचार्य नजरुल इस्लाम तथा बोरियो के प्रखंड विकास पदाधिकारी नागेश्वर साव मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आंदोलनरत छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। काफी देर तक चली वार्ता के बाद अधिकारियों ने छात्रों की सभी पांच मांगों पर 15 दिनों के अंदर पहल करने का लिखित आश्वासन दिया।
अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय में मांगों पर काम शुरू नहीं होता है तो छात्र दोबारा आंदोलन करने के लिए स्वतंत्र होंगे। लिखित आश्वासन मिलने के बाद छात्रों ने फिलहाल अपना धरना स्थगित कर दिया।
15 दिन बाद फिर सड़क पर उतरेंगे छात्र : सुनील बास्की
छात्र नेता सुनील बास्की ने कहा कि छात्रों को 15 दिनों का लिखित आश्वासन मिला है। इसी भरोसे पर फिलहाल आंदोलन स्थगित किया गया है। यदि निर्धारित समय के भीतर हमारी मांगों पर पहल नहीं हुई तो सभी छात्र एकजुट होकर फिर सड़क पर बैठेंगे और आंदोलन शुरू करेंगे।
वहीं छात्र शिव मरांडी ने छात्रावास की बदहाल स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि अपनी पढ़ाई बाधित कर छात्र आंदोलन करने को मजबूर हुए हैं। छात्रावास में हमेशा भय का वातावरण बना रहता है। ऐसे माहौल में छात्र आखिर अपनी पढ़ाई कैसे कर सकते हैं? उन्होंने छात्रावास की समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की।
छात्रहित के मुद्दे पर विद्यार्थी परिषद भी साथ
इस अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के विभाग संयोजक संजय दादा ने कहा कि विद्यार्थी परिषद हमेशा छात्रहित और राष्ट्रहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाती रही है और आगे भी विद्यार्थियों के साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा कि सभी पांच मांगों पर 15 दिनों के अंदर पहल करने का आश्वासन मिला है। यदि निर्धारित समय में मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो विद्यार्थी परिषद छात्रों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी महाविद्यालय प्रशासन की होगी।
आंदोलन में लखीराम मुर्मू, दीपक रक्षित, बटी मरांडी, मनोज हांसदा, मरंगमय मुर्मू, होपनमय किस्कू, पीयूष दत्त, संजय हांसदा, प्रवीण कुमार, पटवारी मुर्मू सहित दर्जनों विद्यार्थी शामिल रहे।
अब 15 दिनों की समयसीमा पर टिकी छात्रों की निगाहें
तीन दिनों तक चले धरने के बाद भले ही छात्रों ने आंदोलन स्थगित कर दिया है, लेकिन उनकी पांच सूत्री मांगों का समाधान होना अभी बाकी है। अब देखना यह होगा कि महाविद्यालय प्रशासन और संबंधित अधिकारी 15 दिनों के भीतर छात्रों की समस्याओं पर कितना अमल कर पाते हैं। फिलहाल छात्रों ने स्पष्ट कर दिया है कि आश्वासन पर पहल नहीं हुई तो आंदोलन फिर शुरू होगा।
REPORTER|ASHISH PAHARIYA|BORIO









