पत्रकार के कार्यालय पर बमबाजी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल;जांच में जुटी पुलिस।
रांची,Ranchi:झारखंड की राजधानी रांची के ओरमांझी थाना क्षेत्र में पत्रकार के आवासीय कार्यालय को निशाना बनाकर कथित बमबाजी किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। NH-33 फोरलेन स्थित कार्यालय परिसर में आधी रात कार सवार अज्ञात लोगों द्वारा एक के बाद एक 5-6 सुतली बम फेंके जाने का आरोप है। धमाकों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद से पत्रकार और उनके आसपास रहने वाले लोगों में भय एवं दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, पत्रकार मुकेश भारतीय का आवासीय कार्यालय NH-33 फोरलेन पर झारखंड ग्रामीण बैंक के समीप स्थित है। उन्होंने ओरमांझी थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर बताया है कि 1 नवंबर 2026 की रात कुछ अज्ञात लोग कार से वहां पहुंचे और उनके कार्यालय परिसर को निशाना बनाते हुए लगातार 5-6 सुतली बम फेंके। बमों के धमाकों से परिसर में धुआं फैल गया। घटना के बाद घटनास्थल पर बम के अवशेष भी दिखाई दिए।
शिकायत के अनुसार, घटना को अंजाम देने के बाद कार सवार अज्ञात लोग मौके से फरार हो गए। अचानक हुए धमाकों से आसपास के लोग सहम गए। वहीं, पत्रकार के आवासीय कार्यालय को निशाना बनाए जाने से घटना की गंभीरता और बढ़ गई है।
घटना के बाद पीड़ित पत्रकार ने पुलिस से मामले की जांच कर दोषियों की पहचान करने तथा उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। अब देखना होगा कि पुलिस इस घटना के पीछे शामिल लोगों तक कब पहुंचती है और आधी रात हुए इन धमाकों का रहस्य कब उजागर होता है।
GOVIND THAKUR|GTV BHART NEWS|RANCHI









