Pakur:मां से गाली-गलौज का विरोध करना पिता को पड़ा भारी,बेटे ने हंसुआ से किया जानलेवा हमला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पाकुड़िया के रामदेवकुंडी गांव में पारिवारिक विवाद ने लिया हिंसक रूप,आरोपी सुनील मुर्मू गिरफ्तार होकर पहुंचा जेल

Pakur:जिले में मां के साथ हो रही गाली-गलौज का विरोध करना एक पिता को इतना महंगा पड़ा कि अपने ही बेटे के हाथों जानलेवा हमले का शिकार होना पड़ा। पारिवारिक विवाद में रिश्तों की मर्यादा को तार-तार करने वाली यह घटना पाकुड़िया थाना क्षेत्र के रामदेवकुंडी गांव की है। यहां मां के साथ अभद्र व्यवहार कर रहे बेटे को समझाने और बीच-बचाव करने पहुंचे पिता पर आरोपी ने हंसुआ से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे सुनील मुर्मू को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार घटना 5 नवंबर की शाम करीब छह से 7 बजे के बीच की है।घायल ईश्वर मुर्मू की पत्नी लुखी किस्कू ने पाकुड़िया थाने में अपने बेटे सुनील मुर्मू के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है।

थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, घटना की शाम सुनील मुर्मू घर पहुंचा और किसी बात को लेकर अपनी मां के साथ गाली- गलौज करने लगा। घर में बढ़ते विवाद को देखकर पिता ईश्वर मुर्मू बीच-बचाव करने पहुंचे।उन्होंने बेटे को समझाने और शांत कराने की कोशिश की,लेकिन इससे आरोपी और अधिक आक्रोशित हो गया।

आरोप है कि सुनील ने घर में रखा धारदार हंसुआ उठा लिया और अपने ही पिता पर हमला कर दिया।उसने पिता के बाएं हाथ पर दो-तीन वार किए और इसके बाद सिर पर जोरदार प्रहार कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से ईश्वर मुर्मू खून से लथपथ होकर अचेत अवस्था में जमीन पर गिर पड़े।

घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई,आवाज सुनकर आस पास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे,लेकिन तब तक आरोपी वहां से फरार हो चुका था। ग्रामीणों के सहयोग से गंभीर रूप से घायल ईश्वर मुर्मू को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), पाकुड़िया पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका इलाज जारी है।

इधर घटना की लिखित शिकायत मिलते ही पाकुड़िया पुलिस सक्रिय हुई और छापेमारी कर आरोपी सुनील मुर्मू को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

इस घटना ने एक बार फिर पारिवारिक रिश्तों में बढ़ते विवाद और हिंसक व्यवहार को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

REPORTER|RAJEEV KUMAR|PAKUR

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें