उत्तर वाहिनी गंगा नदी के कारण साहिबगंज की छठ पूजा की है विशेष पहचान,भाजपा किसान मोर्चा के संथाल परगना प्रभारी राज कुमार रंजन ने दीं पर्व की शुभकामनाएं
Sahibganj:लोकआस्था,पवित्रता,संयम और सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूजा पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।चार दिवसीय इस महान पर्व के दूसरे दिन आज शनिवार को छठव्रती पूरे विधि-विधान के साथ खरना की परंपरा निभा एंगे।इस दिन सुबह से ही घरों में साफ-सफाई और प्रसाद बनाने की तैयारियां शुरू हो जाती हैं।शाम को भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा-अर्चना के बाद खरना का प्रसाद ग्रहण किया जाएगा। इसी के साथ छठव्रतियों का 36 घंटे का निर्जला व्रत आरंभ हो जाएगा।
खरना की परंपरा में छिपा है त्याग और तपस्या का संदेश
छठ पूजा के दूसरे दिन खरना का विशेष महत्व है। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखते हैं। शाम को स्नान कर स्वच्छ वस्त्र धारण करते हुए पूजा की तैयारी की जाती है। पारंपरिक तरीके से मिट्टी के चूल्हे पर गुड़ की खीर और गेहूं के आटे की रोटी तैयार की जाती है। पूजा-अर्चना के बाद व्रती सबसे पहले खरना का प्रसाद ग्रहण करते हैं। इसके बाद परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों के बीच प्रसाद वितरित किया जाता है।
खरना के साथ ही व्रतियों का कठिन निर्जला उपवास शुरू होता है, जो उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद संपन्न होता है। यह परंपरा श्रद्धा, आत्मसंयम और समर्पण का अद्भुत उदाहरण है।
उत्तरवाहिनी गंगा से साहिबगंज को मिली है विशेष धार्मिक पहचान
भाजपा किसान मोर्चा के संथाल परगना प्रभारी राज कुमार रंजन ने कहा कि पूरे झारखंड में साहिबगंज जिले की एक अलग धार्मिक और भौगोलिक पहचान है। साहिबगंज ऐसा विशेष जिला है, जहां से होकर उत्तरवाहिनी गंगा नदी प्रवाहित होती है। यही वजह है कि यहां छठ महापर्व बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया जाता है।
उन्होंने कहा कि गंगा के पावन तट पर छठव्रतियों की आस्था देखते ही बनती है। गंगा घाटों पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़, छठी मैया के पारंपरिक गीत और भगवान सूर्य की उपासना साहिबगंज की धार्मिक संस्कृति को विशेष पहचान प्रदान करते हैं।
राज कुमार रंजन ने कहा कि छठ पूजा केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, सामाजिक एकता और पारिवारिक संस्कारों का महापर्व है। इस पर्व में डूबते और उगते दोनों सूर्य की उपासना की जाती है, जो जीवन में हर परिस्थिति का सम्मान करने और सकारात्मकता के साथ आगे बढ़ने का संदेश देती है।
कल अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य, सोमवार को उगते सूर्य की होगी उपासना
खरना के बाद रविवार को छठ महापर्व का तीसरा दिन होगा। इस दिन छठव्रती निर्जला उपवास रखते हुए शाम को विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचेंगे और अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे। बांस के सूप और दउरा में फल, नारियल, गन्ना, ठेकुआ और अन्य पारंपरिक पूजन सामग्री सजाई जाएगी।
इसके बाद सोमवार की सुबह उदीयमान भगवान सूर्य को दूसरा अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इसी के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन होगा।
स्वच्छता और गंगा की पवित्रता बनाए रखने की अपील
राज कुमार रंजन ने समस्त श्रद्धालुओं से छठ घाटों की स्वच्छता बनाए रखने और गंगा की पवित्रता को सुरक्षित रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व हमें प्रकृति, जल और पर्यावरण के संरक्षण की प्रेरणा देता है। इसलिए पर्व के दौरान स्वच्छता और सामाजिक सहयोग को प्राथमिकता देनी चाहिए।
अंत में उन्होंने साहिबगंज सहित पूरे झारखंड और संथाल परगना के सभी श्रद्धालुओं को छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए छठी मैया से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|RANCHI









