पाकुड़ जिले में तेज रफ्तार का कहर!टोटो को टक्कर मार पलटा हाईवा,चालक गंभीर रूप से घायल
Pakur:जिले में तेज रफ्तार और अनियंत्रित भारी वाहनों का खतरा एक बार फिर सामने आया है।पाकुड़ से बिक्रमपुर होते हुए माहरो जाने वाली नवनिर्मित सड़क पर शनिवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई।तेज गति से आ रहे हाईवा ने सामने से जा रहे टोटो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में टोटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि टोटो के परखच्चे उड़ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हाईवा चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और हाईवा सड़क किनारे पलट गया।दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल टोटो चालक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार को लेकर चिंता जताई,ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क पर अभी निर्माण कार्य जारी है, इसके बावजूद भारी वाहन बिना किसी नियंत्रण के तेज गति से गुजर रहे हैं। इससे राहगीरों और छोटे वाहन चालकों की जान हमेशा जोखिम में बनी रहती है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग एवं प्रशासन से सड़क पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने, भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण लगाने तथा निर्माणाधीन सड़क पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है।
REPORTER|RAJEEV KUMAR|PAKUR









