प्रतिमा पर माल्यार्पण कर धरती आबा को किया नमन,ग्राम प्रधानों को अंगवस्त्र देकर किया सम्मानित
Sahibganj:धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर राजमहल विधानसभा क्षेत्र के उधवा प्रखंड अंतर्गत खरदांग मैदान में पारंपरिक मेले और फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राजमहल सांसद विजय कुमार हांसदा एवं विधायक मो. ताजउद्दीन उर्फ एमटी राजा मुख्य रूप से शामिल हुए। दोनों जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से फुटबॉल टूर्नामेंट एवं मेले का विधिवत शुभारंभ किया।
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर आयोजन समिति एवं स्थानीय लोगों ने पारंपरिक आदिवासी रीति-रिवाज से सांसद और विधायक का भव्य स्वागत किया। इसके बाद दोनों जनप्रतिनिधियों ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके संघर्ष, बलिदान तथा आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए किए गए योगदान को नमन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद विजय कुमार हांसदा एवं विधायक एमटी राजा ने कहा कि खरदांग में आयोजित होने वाला यह मेला वर्षों पुरानी परंपरा और क्षेत्र की सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक है। समय के साथ इस मेले का स्वरूप और भी विस्तृत होता जा रहा है। ऐसे आयोजन हमारी लोकसंस्कृति, सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का काम करते हैं।
इसके बाद दोनों अतिथियों ने फुटबॉल टूर्नामेंट में भाग लेने वाली टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। मैदान में फुटबॉल को किक मारकर फाइनल मुकाबले का शुभारंभ किया। इस दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
अंगवस्त्र देकर ग्राम प्रधानों को किया सम्मानित
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर सांसद विजय कुमार हांसदा एवं विधायक एमटी राजा ने उधवा प्रखंड क्षेत्र के ग्राम प्रधानों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया।इस मौके पर दोनों जनप्रतिनिधियों ने कहा कि गांव की परंपरा, विरासत, संस्कृति और सामाजिक व्यवस्था को अनुशासन के साथ बनाए रखने में ग्राम प्रधानों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ग्राम प्रधान ग्रामीण समाज की परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान को जीवित रखने में अहम योगदान देते हैं।
कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि संजीव सामू हेम्ब्रम,विधायक प्रतिनिधि मो. मारूफ उर्फ गुड्डू, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष अयुब अली उर्फ बाबू दा, सचिव विश्वजीत मंडल, काजू मल्लिक, किन्नू सोरेन, भैया किस्कू, बसंती हांसदा, रानी हांसदा, स्टेशलिना सोरेन, सकल हेम्ब्रम सहित आयोजन समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे।
GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|SAHIBGANJ









