निक्षय मित्र बनकर बांटी पोषण किट,बोले-टीबी मरीजों के साथ खड़ा होना पूरे समाज की जिम्मेदारी
Sahibganj:बीमारी से जूझ रहे लोगों को यदि अपनों और समाज का साथ मिल जाए तो मुश्किल राह भी आसान हो जाती है।इसी मानवीय संदेश के साथ राजमहल विधायक मो.ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने टीबी उन्मूलन अभियान में सहयोग का संकल्प लेते हुए 50 टीबी मरीजों को गोद लिया और उनके बीच पोषण किट का वितरण किया।
झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा एवं टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत सोमवार को अनुमंडलीय अस्पताल,राजमहल में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।इस दौरान विधायक ने निक्षय मित्र के रूप में मरीजों को पोषण सहायता उपलब्ध कराते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
मौके पर विधायक एमटी राजा ने कहा कि टीबी मुक्त भारत का सपना तभी साकार होगा,जब समाज का हर व्यक्ति इस अभियान में अपनी जिम्मेदारी निभाएगा।
टीबी सिर्फ एक व्यक्ति की बीमारी नहीं,बल्कि इसके उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है।मरीजों को नियमित दवा के साथ पौष्टिक भोजन और परिवार एवं समाज का सहयोग मिलना भी बेहद आवश्यक है।उन्होंने जनप्रतिनिधियों,सामाजिक संगठनों और सक्षम लोगों से टीबी मरीजों की मदद के लिए आगे आने की अपील की। साथ ही कहा कि बीमारी से पीड़ित लोगों के साथ किसी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए।
जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. किरण माला ने कहा कि टीबी एक संक्रामक बीमारी जरूर है, लेकिन इसका पूर्ण उपचार संभव है। यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह या उससे अधिक समय तक खांसी, बुखार, रात में पसीना आना, वजन कम होना अथवा भूख नहीं लगने जैसी समस्या हो तो उसे तत्काल नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में जांच करानी चाहिए। उन्होंने बताया कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में टीबी की जांच एवं उपचार निःशुल्क उपलब्ध है। मरीजों को निर्धारित अवधि तक नियमित दवा का सेवन करना चाहिए और बीच में उपचार बंद नहीं करना चाहिए।
अनुमंडलीय अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. उदय टुडू ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग टीबी उन्मूलन को लेकर लगातार प्रयास कर रहा है। अस्पताल के माध्यम से मरीजों को जांच, उपचार और आवश्यक परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने नियमित दवा सेवन, पौष्टिक आहार और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच को स्वस्थ होने के लिए जरूरी बताया। साथ ही समाज से टीबी को लेकर फैली भ्रांतियों और भेदभाव को समाप्त करने की अपील की।
कार्यक्रम में मौजूद टीबी मरीजों को नियमित दवा लेने, पौष्टिक भोजन करने तथा उपचार की पूरी अवधि तक स्वास्थ्य विभाग के संपर्क में रहने की सलाह दी गई। संबंधित क्षेत्र की सहियाओं को भी मरीजों के नियमित फॉलोअप और दवा सेवन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया।
मौके पर विधायक प्रतिनिधि मो. मारूफ उर्फ गुड्डू,बीपीएम अमित कुमार,एसटीएस संजय कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मी एवं अन्य लोग उपस्थित थे।
GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|SAHIBGANJ









