चोरी और गुम हुए मोबाइल की बरामदगी में पुलिस को बड़ी सफलता,जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से मिले 31 फोन
Pakur:चोरी और गुम हुए मोबाइल फोन की तलाश में जुटी पाकुड़ पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से 31 मोबाइल फोन बरामद कर शनिवार, 21 नवंबर को उनके वास्तविक धारकों को सौंप दिया। लंबे समय से अपने खोए हुए मोबाइल की तलाश कर रहे लोगों को फोन वापस मिलने पर उनके चेहरे खिल उठे।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बरामद किए गए मोबाइल फोन में नगर थाना क्षेत्र से सर्वाधिक 12 मोबाइल शामिल हैं। इसके अलावा महेशपुर थाना क्षेत्र से 4, लिट्टीपाड़ा से 3, मुफस्सिल थाना से 3, हिरणपुर थाना से 3, पाकुड़िया थाना से 3, अमड़ापाड़ा थाना से 2 तथा मालपहाड़ी ओपी क्षेत्र से एक मोबाइल बरामद किया गया है।
बरामद मोबाइल फोन में रेडमी, रियलमी, वीवो, ओप्पो, वनप्लस, सैमसंग, आईक्यूओओ और इनफिनिक्स जैसी प्रमुख कंपनियों के फोन शामिल हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से 31 लोगों को उनके खोए हुए मोबाइल वापस मिल सके।
गौरतलब है कि पाकुड़ पुलिस ऑपरेशन मुस्कान के तहत इससे पहले भी जनवरी 2026 में 5, मार्च में 24 और 31 मार्च को 21 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक धारकों को सौंप चुकी है। वहीं, 21 नवंबर को 31 मोबाइल की बरामदगी के साथ पुलिस ने एक बार फिर अपनी सक्रियता का परिचय दिया है।
इस अभियान में जिले के विभिन्न थानों के थाना प्रभारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पाकुड़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चोरी और गुम हुए अन्य मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए ऑपरेशन मुस्कान अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|PAKUR









