Sahibganj:गांव को रोशन करने निकली सरकारी योजना खुद अंधेरे में गुम,लालमाटी पंचायत में स्ट्रीट लाइटों ने तोड़ा दम!

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ग्रामीणों को अंधेरे से निजात दिलाने के लिए लगाई गईं स्ट्रीट लाइटें बनीं शोपीस,गौरव कुमार सुमन ने मुखिया और जिम्मेदार तंत्र की कार्यशैली पर उठाए सवाल;डीसी से जांच और कार्रवाई की मांग

Sahibganj:सरकार की योजनाएं गांवों को रोशन करने और ग्रामीणों का जीवन सुगम बनाने के उद्देश्य से धरातल पर उतारी जाती हैं,लेकिन जब योजनाओं के क्रियान्वयन के बाद ही उनकी उपयोगिता दम तोड़ने लगे तो सरकारी व्यवस्था पर सवाल उठना लाजिमी है।कुछ ऐसा ही मामला जिले के राजमहल प्रखंड अंत र्गत लाल माटी पंचायत क्षेत्र से सामने आया है।यहां ग्रामीणों की सुविधा और सुरक्षा के लिए लगाए गए स्ट्रीट लाइट अब रोशनी देने के बजाय खुद अंधेरे में गुम हो गए हैं।

जिस उद्देश्य से पंचायत क्षेत्र में स्ट्रीट लाइटें लगाई गई थीं,वह उद्देश्य फिलहाल पूरा होता नजर नहीं आ रहा है।शाम ढलते ही जिन रास्तों पर रोशनी होनी चाहिए,वहां अंधेरा पसरा रहता है। इससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।खासकर महिलाओं,बच्चों,बुजुर्गों और देर शाम काम से लौटने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

मुखिया जी और जिम्मेदार तंत्र की कार्यशैली पर उठे सवाल

इस मामले को लेकर स्थानीय ग्रामीण सह प्रदेश एसएफएस (SFS) सह-संयोजक गौरव कुमार सुमन ने पंचायत के मुखिया जी और व्यवस्था में बैठे जिम्मेदार लोगों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।उन्होंने आरोप लगाया कि पंचायत क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट लगाने के नाम पर सरकारी राशि खर्च की गई, लेकिन उसके बाद रखरखाव और निगरानी को लेकर घोर लापर वाही बरती गई।उनका कहना है कि यदि समय-समय पर इन लाइटों की जांच और मरम्मत कराई जाती तो आज ग्रामीणों को इस परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता।

गौरव कुमार सुमन ने इस पूरे मामले में संभावित भ्रष्टाचार और सरकारी राशि के दुरुपयोग की आशंका जताते हुए जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।उन्होंने कहा कि केवल लाइटें लगाकर योजना की जिम्मेदारी पूरी नहीं हो जाती, बल्कि उनका नियमित संचालन और रखरखाव सुनिश्चित करना भी संबंधित जिम्मेदारों का दायित्व है।

आखिर क्या है सरकार की महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य!

गांवों और पंचायत क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट लगाने का मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक रास्तों,चौक-चौराहों और आवागमन वाले स्थानों को रोशन करना है,ताकि रात में ग्रामीणों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।इसके साथ ही महिलाओं,बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा बढ़ाना,दुर्घटनाओं की आशंका कम करना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना भी इसका उद्देश्य है।

आखिर जिनको मिली रखरखाव की जिम्मेदारी,वह कहां हो गए गुम,क्या सिस्टम को फलिता लगाकर हो गया फरार!

पंचायत क्षेत्र में सार्वजनिक प्रकाश व्यवस्था और उसके रख रखाव की जिम्मेदारी मुख्य रूप से ग्राम पंचायत की होती है। इसमें स्थानीय मुखिया जी एवं पंचायत सचिव की प्रशासनिक भूमिका,संबंधित तकनीकी पदाधिकारी की तकनीकी निगरानी तथा कार्यकारी एजेंसी की अनुबंध के अनुसार मरम्मत और रख रखाव की जिम्मेदारी शामिल हो सकती है।वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारी को पंचायत योजनाओं की निगरानी और शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई करनी होती है।जिला स्तर पर उपायुक्त संबंधित मामले की जांच और जवाबदेही सुनिश्चित कर सकते हैं।

डीसी दीपक दुबे से जांच कर कार्रवाई की मांग

स्थानीय गौरव कुमार सुमन ने उपायुक्त से मांग की है कि लाल माटी पंचायत में लगाए गए सभी स्ट्रीट लाइटों की भौतिक जांच कराई जाए,योजना पर खर्च हुई सरकारी राशि,लाइटों की खरीद, स्थापना की गुणवत्ता,भुगतान और रखरखाव से संबंधित दस्तावेजों की जांच हो।यदि जांच में वित्तीय अनियमितता, सरकारी राशि के दुरुपयोग या जानबूझकर लापरवाही की पुष्टि होती है तो संबंधित पंचायत कर्मियों,जिम्मेदार पदाधिकारियों और कार्यकारी एजेंसी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

उन्होंने खराब पड़ी लाइटों को अविलंब दुरुस्त कराकर पंचायत क्षेत्र में दोबारा रोशनी बहाल करने की भी मांग की है।

अब बड़ा सवाल यह है कि ग्रामीणों को अंधेरे से मुक्ति दिलाने के नाम पर लगाई गई स्ट्रीट लाइटें आखिर इतनी जल्दी बेकार कैसे हो गईं? क्या स्थापना के बाद इनके रखरखाव की कोई व्यवस्था नहीं थी या फिर निगरानी तंत्र ने अपनी जिम्मेदारी निभाना जरूरी नहीं समझा! इन सवालों का जवाब अब जिला प्रशासन की जांच से ही सामने आएगा।

REPORTER|ASHISH PAHARIYA|RAJMAHAL

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें