सड़क पर गिरा मिला पेड़,एक दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी पहले ही हो चुके हैं जख्मी,ग्रामसभा में हिंसा भड़कने की वजह अब भी रहस्य
Dumka:शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के कल्याणपुर-बादलपाड़ा कोल ब्लॉक इलाके में ग्रामसभा के दौरान हुई हिंसक झड़प के बाद घटनास्थल से कई अहम जानकारियां सामने आई हैं।घटना स्थल पर पुलिस की एक क्षतिग्रस्त बोलेरो मिली है,वहीं, सड़क पर एक पेड़ गिरा हुआ पाया गया, जिससे रास्ता अवरुद्ध करने की आशंका जताई जा रही है।
इस हिंसक घटनाक्रम में कोल कंपनी एचपीजीसीएल का एक अधिकारी भी घायल हुआ है। प्रशासन ने घायल अधिकारी को शिकारीपाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
गौरतलब है कि बादलपाड़ा-कल्याणपुर कोल ब्लॉक के सर्वे कार्य के विरोध को लेकर बीती रात ग्रामीणों और पुलिस के बीच हिंसक झड़प हुई थी। इस दौरान पथराव में एक दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
घटनास्थल पर क्षतिग्रस्त पुलिस वाहन और सड़क पर गिरा पेड़ मिलने से हिंसा की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ग्रामसभा के दौरान ऐसा क्या हुआ, जिससे विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया और पथराव शुरू हो गया।
आखिर ग्रामसभा में किस बात को लेकर विवाद शुरू हुआ? पुलिस और ग्रामीणों के बीच टकराव की नौबत कैसे आई? इन सवालों के जवाब अभी सामने आने बाकी हैं। पूरे मामले में प्रशासनिक जांच और आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
REPORTER|ASHISH PAHARIYA|DUMKA









