Pakur:मां अस्पताल में भर्ती,सुबह ऑपरेशन और नवजात की मौत! पाकुड़ में परिजनों का हंगामा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

परिजनों ने चिकित्सक के समय पर नहीं पहुंचने और इलाज के नाम पर 70 हजार रुपये मांगने का लगाया आरोप,पुलिस ने शुरू की जांच

Pakur:जिले के पाकुड़-धुलियान मुख्य सड़क स्थित चांदपुर नर्सिंग होम में नवजात की मौत के बाद मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ।बच्चे की मौत से आक्रोशित परिजनों ने नर्सिंग होम प्रबंधन पर इलाज में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। परिजनों का कहना है कि प्रसव के दौरान महिला की तबीयत बिगड़ने के बावजूद चिकित्सक समय पर नहीं पहुंचे,जिसके कारण नवजात की जान चली गई,घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की।

परिजनों के अनुसार पाकुड़ के इलामीगांव निवासी नर्गिस खातून को 21 नवंबर को प्रसव के लिए चांदपुर नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था,आरोप है कि रात में महिला की तबीयत बिगड़ने लगी,लेकिन काफी देर तक चिकित्सक नहीं पहुंचे।इसके बाद सुबह ऑपरेशन कर बच्चे को बाहर निकाला गया,लेकिन तब तक नवजात की मौत हो चुकी थी।इस घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया।

परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि इलाज के नाम पर उनसे 70 हजार रुपये की मांग की गई,उनका कहना है कि यदि समय रहते उचित चिकित्सकीय सुविधा और इलाज उपलब्ध कराया जाता तो शायद नवजात की जान बचाई जा सकती थी। घटना के बाद नर्सिंग होम परिसर में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।

इधर नर्सिंग होम संचालक जैकुल ने परिजनों के आरोपों को निराधार बताया।उन्होंने दावा किया कि नवजात की मौत गर्भ में ही हो चुकी थी।इस तरह घटना को लेकर परिजनों और नर्सिंग होम प्रबंधन के बीच अलग-अलग दावे सामने आए हैं।

मामले की सूचना पर मुफस्सिल थाना के एएसआई साधन कर्मकार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।पुलिस ने दोनों पक्षों से जानकारी ली और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल नवजात की मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। अब सवाल यह है कि आखिर नवजात की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इलाज के दौरान किसी स्तर पर लापरवाही बरती गई थी या नहीं। जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।

GOVIND THAKUR|GTV BHARAT NEWS|RANCHI

gtvbharat news
Author: gtvbharat news

Leave a Comment

और पढ़ें